नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार, 12 अक्टूबर को कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलने वाले स्कूलों में जेपी, स्टेप बाई स्टेप और एमिटी समेत कई शिक्षण संस्थान शामिल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं तथा स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब एक दर्जन स्कूलों को धमकी मिलने की सूचना है। इनमें सेक्टर-16 स्थित एपीजे स्कूल, स्टेप बाई स्टेप स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) जीबीएन समेत अन्य स्कूलों के नाम सामने आए हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंचीं। सुरक्षा जांच के लिए बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, एंटी-सबोटाज चेकिंग टीम और अग्निशमन विभाग की मदद ली गई। स्कूलों के विभिन्न हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
एहतियात के तौर पर स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों को घर भेजने की प्रक्रिया भी शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।
धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच
पुलिस धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर टीम ई-मेल से संबंधित तकनीकी जानकारियों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किसने और कहां से भेजी।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि, मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल परिसरों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों और अभिभावकों से अपुष्ट सूचनाओं तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की वास्तविकता और इसके पीछे की मंशा को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





