Top 5 This Week

Related Posts

टाटा संस बोर्ड के सामने नई कंपनियों ने पेश किया ग्रोथ प्लान

मुंबई। टाटा समूह की नई और उभरती कंपनियों ने मंगलवार को टाटा संस बोर्ड के समक्ष अपने कारोबार, भविष्य की रणनीति और पूंजी जरूरतों को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी। बैठक में एयर इंडिया, टाटा डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य नई परियोजनाओं के प्रदर्शन पर विशेष चर्चा हुई।

सूत्रों के अनुसार टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने बोर्ड के सामने अगले तीन वर्षों की रणनीति रखी, जिसमें घाटे में चल रहे कारोबारों को लाभ में लाने और पूंजी खर्च को नियंत्रित करने पर जोर दिया गया। बैठक में टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा समेत अन्य निदेशक भी मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि बोर्ड बैठक में नई कंपनियों के बढ़ते घाटे और निवेश योजनाओं को लेकर गंभीर चर्चा हुई। विशेष रूप से एयर इंडिया और टाटा डिजिटल के वित्तीय प्रदर्शन पर बोर्ड ने विस्तार से समीक्षा की। रिपोर्टों के मुताबिक समूह की कुछ नई कंपनियों का संयुक्त घाटा पिछले वित्त वर्ष में काफी बढ़ा है, जिसके चलते निवेश और विस्तार रणनीति की दोबारा समीक्षा की जा रही है।

बैठक ऐसे समय हुई जब टाटा समूह के भीतर नेतृत्व और प्रबंधन को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि चंद्रशेखरन के कार्यकाल विस्तार, समूह की भविष्य की रणनीति और टाटा संस के सूचीबद्ध होने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। हालांकि बैठक के बाद किसी बड़े फैसले की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई।

सूत्रों के मुताबिक बैठक का माहौल सकारात्मक और सहयोगपूर्ण रहा। विभिन्न समूह कंपनियों के प्रमुखों ने बोर्ड के सामने विस्तार से अपनी योजनाएं और भविष्य की कारोबारी संभावनाएं प्रस्तुत कीं। समूह अब इलेक्ट्रॉनिक्स, एविएशन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश के जरिए लंबी अवधि की वृद्धि पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

Popular Articles