देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे और कार्यकारिणी के गठन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं।
कुमारी शैलजा ने राज्य के राजनीतिक हालात, संगठन की मौजूदा स्थिति और आगामी रणनीति को लेकर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय एवं राज्य अतिथि गृह में अलग–अलग स्तर पर बैठकें कीं। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों में जिला और महानगर स्तर की कार्यकारिणी के गठन, संगठन के पुनर्गठन तथा बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई। कुमारी शैलजा ने स्पष्ट संकेत दिए कि संगठन में जल्द ही नई तस्वीर सामने आएगी और निष्क्रिय इकाइयों में बदलाव संभव है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की। बैठक के दौरान आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक तैयारियों पर भी विचार–विमर्श किया गया।
प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि शैलजा के इस दौरे का उद्देश्य संगठन में समन्वय बढ़ाना और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना है। साथ ही, लंबे समय से लंबित संगठनात्मक ढांचे को अंतिम रूप देने की दिशा में यह दौरा अहम माना जा रहा है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड कांग्रेस में लंबे समय से कार्यकारिणी के गठन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में कुमारी शैलजा की यह यात्रा संगठन के भविष्य की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है।





