हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चोरगलिया पुलिस को एक और सफलता मिली है। नियमित गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा के नेतृत्व में चोरगलिया थाना पुलिस बीती रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गलफार गेट जाने वाले मार्ग के पास घेराबंदी कर प्रिंस सिंह पुत्र स्वर्गीय मनजीत सिंह, निवासी देवपुर सनवाल, थाना चोरगलिया को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना चोरगलिया में आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





