देहरादून। उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र के विस्तार के लिए प्रदेश सरकार आठ नए सहकारी संघों का गठन करेगी। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि नए संघों के माध्यम से किसानों, महिलाओं, युवाओं और स्थानीय कारीगरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
देहरादून में आयोजित ‘सहकार मंथन’ कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री ने कहा कि राज्य में सहकारिता आंदोलन को और मजबूत करने के लिए नए क्षेत्रों को इससे जोड़ा जा रहा है। प्रस्तावित आठ संघों में लखपति दीदी फेडरेशन, महिला स्वयं सहायता समूह फेडरेशन, वन पंचायत फेडरेशन, स्वास्थ्य फेडरेशन, प्लंबर एवं जल कार्यकर्ता फेडरेशन, भारत टैक्सी फेडरेशन, एविएशन फेडरेशन और यूथ फेडरेशन शामिल हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लखपति दीदी फेडरेशन के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा। वहीं, यूथ फेडरेशन के जरिए युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भी सहकारी मेलों का आयोजन किया जाएगा, ताकि किसानों, काश्तकारों, कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार मिल सके। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश की उत्कृष्ट सहकारी समितियों को सम्मानित भी किया गया। सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पारदर्शिता, तकनीकी सुधार और जनभागीदारी के माध्यम से सहकारी संस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है।





