देहरादून। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने राज्य की न्यायिक व्यवस्था में व्यापक फेरबदल करते हुए न्यायिक अधिकारियों के तबादलों और अतिरिक्त प्रभार से संबंधित अधिसूचना जारी की है। इस क्रम में पौड़ी गढ़वाल के परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरिश कुमार गोयल को देहरादून का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। यह पद लंबे समय से रिक्त था और उनका तबादला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
अधिसूचना के अनुसार, देहरादून के तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक श्रीवास्तव को विशेष न्यायालय-2 (एनडीपीएस), देहरादून का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं ऊधमसिंह नगर की एफटीसी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीता गुंजियाल को विशेष पॉक्सो न्यायालय, ऊधमसिंह नगर का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
इसके अलावा, हाईकोर्ट ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी), हरिद्वार में विधि सलाहकार के पद पर हरिश कुमार गोयल के नाम की संस्तुति राज्य सरकार को भेजी है। साथ ही हरिद्वार के पंचम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण वोहरा को विधि सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार देने की भी सिफारिश की गई है। इन दोनों मामलों में अंतिम निर्णय राज्य सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद प्रभावी होगा।





