नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर ‘तारा गैस’ पर मिसाइल हमला किया गया। घटना 16 नवंबर को हुई। जहाज पर सवार सभी 25 चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं, जिनमें 24 भारतीय नागरिक शामिल हैं। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की।
मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि हमले में किसी भी नाविक को चोट नहीं आई है। भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जहाज प्रबंधन कंपनी के संपर्क में है। सरकार का उद्देश्य भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनके कल्याण को सुनिश्चित करना है।
इंजन रूम में लगी आग
ब्रिटेन के समुद्री सुरक्षा संगठन यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के अनुसार, ओमान के खसाब बंदरगाह से लगभग सात समुद्री मील उत्तर में एक टैंकर पर हमला हुआ। हमले के बाद जहाज का इंजन रूम प्रभावित हुआ और वहां आग लगने की सूचना मिली। इसके कारण टैंकर की संचालन क्षमता बाधित हो गई। हालांकि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं।
UKMTO ने कहा कि जहाज को हुए नुकसान और पर्यावरण पर इसके संभावित प्रभाव का आकलन किया जा रहा है। संगठन ने इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले अन्य जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की सलाह दी है।
एक सप्ताह में भारतीय नाविकों से जुड़ी दूसरी घटना
होर्मुज क्षेत्र में भारतीय नाविकों से जुड़ी यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले भी फारस की खाड़ी में भारतीय नाविकों को ले जा रहे एक वाणिज्यिक जहाज पर हमला हुआ था। उस घटना में चालक दल के कुछ सदस्य घायल हुए थे।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। दुनिया के तेल और गैस व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं से अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी और ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में मौजूद भारतीय नाविकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही हैं।





