नई दिल्ली। हिंद महासागर में भारत अपनी डिजिटल और समुद्री ताकत बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। फिलीपींस की राजधानी मनीला में मंगलवार को आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन में हिंद महासागर में नई समुद्र के नीचे बिछाई जाने वाली केबल परियोजनाओं का स्वागत किया गया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षित संचार व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी और डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करना है। इस फैसले को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच भारत की रणनीतिक भूमिका मजबूत करने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है।
करीब दो साल बाद आयोजित इस शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हुए। बैठक में चारों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समुद्री निगरानी के लिए बनेगा नया सहयोग
सम्मेलन में हिंद-प्रशांत समुद्री निगरानी सहयोग पहल की घोषणा की गई। इसके तहत चारों देश समुद्री गतिविधियों से जुड़ी सूचनाएं साझा करेंगे। वर्ष 2027 में पहली बार क्वाड के तहत पी-8 और पी-3सी समुद्री गश्ती विमान संयुक्त सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य समुद्री सुरक्षा बढ़ाना और अवैध गतिविधियों पर नजर रखना है।
साइबर सुरक्षा और एआई पर भी जोर
बैठक में बढ़ते साइबर हमलों को देखते हुए चारों देशों ने साइबर सुरक्षा सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई। इसके अलावा भरोसेमंद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को बढ़ावा देने के लिए एआई एक्सेलेरेटर पहल को भी महत्व दिया गया।
क्वाड देशों ने वर्ष 2027 की शुरुआत में बिजनेस लीडर्स फोरम आयोजित करने की घोषणा की। इसमें चारों देशों के कारोबारी, सरकारी अधिकारी और नीति विशेषज्ञ शामिल होंगे।
चीन की विस्तारवादी नीतियों पर अप्रत्यक्ष निशाना
संयुक्त बयान में किसी देश का नाम लिए बिना बल या दबाव के जरिए क्षेत्रीय स्थिति बदलने की कोशिशों का विरोध किया गया। आर्थिक दबाव और महत्वपूर्ण वस्तुओं के निर्यात पर मनमाने प्रतिबंधों को लेकर भी चिंता जताई गई। इसे चीन की नीतियों पर अप्रत्यक्ष संदेश माना जा रहा है।
सम्मेलन में चारों देशों ने सीमा पार आतंकवाद समेत सभी तरह के आतंकवाद की कड़ी निंदा की और इसके खिलाफ सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस बैठक के फैसलों से स्पष्ट है कि क्वाड अब केवल सुरक्षा सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल कनेक्टिविटी, तकनीक, व्यापार और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में भी अपनी साझेदारी मजबूत कर रहा है।





