उत्तराखंड में आगामी निकाय चुनावों को लेकर भाजपा ने अपने प्रचार अभियान को बेहद सफल और निर्णायक बताया है। पार्टी ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्यभर में “जीत की सेंचुरी” सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा का चुनाव प्रचार विकास, समृद्धि और जनकल्याण के एजेंडे पर आधारित है, जो नकारात्मक राजनीति का सशक्त जवाब देगा। महेंद्र भट्ट ने पार्टी के तीन सप्ताह के सघन प्रचार अभियान को शानदार बताते हुए कहा कि जनता से मिले फीडबैक से साफ है कि भाजपा 23 जनवरी को राज्य के 11 निगमों, 100 नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों में एकतरफा जीत हासिल करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उनकी रैलियों और रोड शो में उमड़े जनसमूह ने विपक्ष को चुनावी मैदान से बाहर कर दिया है।भट्ट ने बताया कि भाजपा ने चुनाव की घोषणा से पहले ही अपनी तैयारियां शुरू कर दी थीं। प्रत्याशी चयन से लेकर प्रचार अभियान तक, हर कदम पर संगठन ने सफलता हासिल की है। अब पार्टी बूथ विजय अभियान पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जिससे हर उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित हो सके।