नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साह के साथ भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल देश की आन-बान-शान का प्रतीक नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, सामूहिक शक्ति और राष्ट्रीय गौरव का भी प्रतीक है।
अमित शाह ने सोमवार को देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनें। उन्होंने ‘तिरंगा यात्रा’, ‘तिरंगा रैली’ और सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन के माध्यम से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पिछले वर्षों में देशभर में एक व्यापक जनभागीदारी वाले अभियान के रूप में उभरा है। उन्होंने नागरिकों से उसी उत्साह और भावना के साथ इस वर्ष भी अभियान में शामिल होने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राओं और रैलियों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को इस अभियान से जोड़ना देश की एकजुटता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगा। अभियान का उद्देश्य लोगों के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति व्यक्तिगत जुड़ाव और सम्मान की भावना को और गहरा करना है।
अमित शाह ने देशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ अभियान से जुड़ी गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी से स्वतंत्रता दिवस का उत्सव और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनेगा।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत आजादी का अमृत महोत्सव के तहत लोगों को अपने घर तिरंगा लाने और फहराने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से हुई थी। अभियान का मूल विचार राष्ट्रीय ध्वज के साथ नागरिकों के व्यक्तिगत जुड़ाव को मजबूत करना और राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प को अभिव्यक्त करना है।





