देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रदेश में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का ब्योरा दिया है। राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री की ओर से भेजे गए शुभकामना संदेश के जवाब में मुख्यमंत्री ने उनका आभार जताया। करीब 10 पन्नों के इस पत्र में उन्होंने उत्तराखंड की बदलती तस्वीर और भविष्य की विकास योजनाओं का उल्लेख किया है।
पर्यटन और उद्योग के क्षेत्र में बन रही नई पहचान
मुख्यमंत्री ने पत्र में कहा कि उत्तराखंड तेजी से प्रमुख पर्यटन स्थल, उद्योगों के अनुकूल राज्य और उभरती अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में विकसित उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
पलायन रोकने और रोजगार पर जोर
धामी ने दावा किया कि स्वरोजगार, पर्यटन, होमस्टे, कृषि और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने से प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य पहाड़ के युवाओं को उनके गांवों में ही सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराना है।
चारधाम परियोजना और कुंभ-2027 का जिक्र
मुख्यमंत्री ने पत्र में चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का उल्लेख किया। उन्होंने हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन के लिए केंद्र सरकार के सहयोग को भी महत्वपूर्ण बताया।
महिला सशक्तीकरण और सीमांत क्षेत्रों का विकास
धामी ने महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सीमांत गांवों के विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे फैसलों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड विकास, रोजगार, निवेश और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।





