Top 5 This Week

Related Posts

सीएम धामी और बाबा रामदेव की मुलाकात, उत्तराखंड में वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने पर मंथन

देहरादून, 2 सितंबर। मुख्यमंत्री आवास में योगगुरु बाबा रामदेव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड के विकास, योग एवं आयुर्वेद को बढ़ावा देने के साथ ही प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल देवभूमि के रूप में ही नहीं, बल्कि योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा की भूमि के तौर पर भी है। राज्य सरकार इस पहचान को और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद प्रदेश की प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके माध्यम से स्वास्थ्य पर्यटन के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।

बैठक में वेलनेस टूरिज्म, योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा आधारित पर्यटन की संभावनाओं पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालयी वातावरण, प्राकृतिक संपदा और आध्यात्मिक विरासत उत्तराखंड को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षक वेलनेस डेस्टिनेशन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उत्तराखंड पर्यटन विभाग भी राज्य को आध्यात्मिक और वेलनेस पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।

बाबा रामदेव ने उत्तराखंड में योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक परिस्थितियां और हिमालयी वातावरण इसे योग एवं आयुर्वेद के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए अनुकूल बनाते हैं।

बैठक में इस बात पर भी जोर रहा कि वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा मिलने से पर्वतीय क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ पर्यटन के नए आयाम विकसित होंगे।

राज्य सरकार पहले से ही उत्तराखंड को योग और वेलनेस के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में नीतिगत कदम उठा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री और बाबा रामदेव की मुलाकात को इस क्षेत्र में संभावनाओं को विस्तार देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Top of Form

 

 

Popular Articles