रुद्रपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की आगामी आठ अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित जनसभा को ऐतिहासिक बनाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर बुधवार को काशीपुर बाईपास रोड सिटी क्लब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैली की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सुरक्षित रखने के लिए व्यापक रणनीति भी तैयार की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हल्द्वानी रैली में शामिल होंगे। इसके लिए करीब 20 बसों और लगभग 100 कारों की व्यवस्था की जाएगी। पार्टी पदाधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों को रैली में शामिल कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में कहा गया कि रैली के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों को जनता के बीच रखेगी तथा संगठन की ताकत का प्रदर्शन करेगी।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रत्येक कार्यकर्ता और बूथ लेवल एजेंट बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर मतदाता सूची का गहन परीक्षण करेगा। इस दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटने पाए।
कार्यकर्ताओं से घर घर संपर्क कर मतदाता सूची का सत्यापन कराने तथा लोगों को आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने में सहयोग करने का आह्वान किया गया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि आठ अगस्त की हल्द्वानी रैली संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पूरे उत्साह और एकजुटता के साथ रैली में भाग लेना चाहिए ताकि पार्टी की ताकत और जनसमर्थन का प्रभावी संदेश प्रदेशभर में जाए।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता होता है और उसी की मेहनत से पार्टी को सफलता मिलती है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को रैली की तैयारियों के साथ साथ एसआईआर अभियान को भी गंभीरता से लेना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का अधिकार सर्वाेपरि है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में बना रहे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान कराने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में रैली के रुद्रपुर प्रभारी विजय भुड्डी, एसआईआर के सह प्रभारी नारायण हाल्दार,युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण सिंह नेगी, संदीप चीमा,कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पवन सिंह बिष्ट, अशोक राय, नासिर अली,बाबू खान, रिजवान, अशफाक अंसारी, गौरव गिरी, सुनील चुघ, मदन लाल खन्ना, प्रकाश शर्मा, उमा सरकार, असीत बाला,उमर अली, संजय ठुकराल,राजेंद्र शर्मा,ललित बिष्ट, संजीव गुप्ता,गगन ग्रोवर,हनी ग्रोवर, कमलदीप सोनकर, संजीव नंदी, दिनेश कोली, राजू गुप्ता,इंद्रजीत सिंह बिट्टा, रंजीत तिवारी, जगदीश, अनूप कोली, राजेश सक्सेना, राजेश कुमार,जीवन मंडल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





