दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मामले में आरोपी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। उनकी भारत वापसी को जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मामले में उनकी भूमिका और कथित वित्तीय लेन-देन को लेकर जांच की जा रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2019 से 2022 के बीच हुए बहुचर्चित शराब घोटाले में फरार चल रहे विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से उसका प्रत्यर्पण कराया।
मूल रूप से बिलासपुर निवासी विकास अग्रवाल को शराब सिंडिकेट का प्रमुख वित्तीय समन्वयक यानी ‘मनीमैन’ बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसकी भूमिका डिस्टिलरी से कमीशन की रकम जुटाने और उसे सरकारी अधिकारियों तथा अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने में अहम थी। आरोप है कि उसने विभिन्न कंपनियों और वित्तीय माध्यमों के जरिए कथित अवैध कमाई के स्रोत और स्वामित्व को छिपाने में भी मदद की।
इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस से गिरफ्तारी
छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल ने विकास अग्रवाल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था। इसके बाद यूएई की एजेंसियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय पुलिस टीम को सौंप दिया गया। वहां से उसे मुंबई लाया गया और फिर रायपुर पहुंचाया गया।
30 नवंबर तक ईओडब्ल्यू की रिमांड पर
आरोपी को रायपुर की विशेष रिमांड अदालत में पेश किया गया, जहां से आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) को 30 नवंबर तक पूछताछ के लिए उसकी रिमांड मिल गई है। जांच एजेंसियां उससे कमीशन के लेन-देन, सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क और कथित अवैध कमाई के लाभार्थियों के संबंध में पूछताछ करेंगी।
इस मामले में नवंबर 2024 में ही आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुसार, कथित शराब घोटाले से छत्तीसगढ़ सरकार के खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। वहीं, मामले की कुल अनुमानित राशि करीब 3,200 करोड़ रुपये बताई गई है।





