अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 3 से 11 अगस्त, 2026 तक बैंकॉक थाईलैंड में आयोजित होगी
रुद्रपुर। भारतीय सेपक टाकरा टीम के टीम मैनेजर डॉ. नागेंद्र शर्मा जो राष्ट्रीय सेपक टाकरा चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ी एवं ऊधम सिंह नगर जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष है के नेतृत्व में भारतीय महिला एवं पुरुष सेपक टाकरा टीम 39वीं आईएसटीएएफ विश्व सेपक टाकरा चैंपियनशिप (थाई किंग्स कप-2026) में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 3 से 11 अगस्त, 2026 तक बैंकॉक (थाईलैंड) के फैशन आइलैंड/टर्मिनल 21 में आयोजित होगी।विश्व चैंपियनशिप में भारतीय दल के प्रतिभाग करने पर भारतीय सेपक टाकरा संघ के पदाधिकारियों, विभिन्न राज्य इकाइयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा खेल प्रेमियों ने टीम मैनेजर डॉ. नागेंद्र शर्मा एवं समस्त भारतीय दल को शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। सभी ने विश्वास जताया कि भारतीय महिला एवं पुरुष खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से विश्व मंच पर देश का गौरव बढ़ाएंगे और पदक जीतकर तिरंगे की शान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे।
संघ के पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने शुभकामना देते हुए कहा कि भारतीय सेपक टाकरा टीम ने पिछले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इस बार भी खिलाड़ियों से उत्कृष्ट खेल की अपेक्षा है। डॉ. नागेंद्र शर्मा के अनुभव, कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन करते हुए नई उपलब्धियाँ हासिल करेगी।
खेल प्रेमियों ने पूरे भारतीय दल के सफल अभियान की कामना करते हुए कहा कि देशवासियों की शुभकामनाएं खिलाड़ियों के साथ हैं। सभी ने आशा व्यक्त की कि भारतीय टीम विश्व चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करेगी।देशभर के खेल प्रेमियों ने भारतीय महिला एवं पुरुष सेपक टाकरा टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन और स्वर्णिम सफलता की कामना की है।





