Top 5 This Week

Related Posts

वाहन चोरों का दुस्साहस: बनभूलपुरा में कैमरे के सामने बाइक उड़ाई, काठगोदाम में घर के बाहर से स्कूटी गायब

हल्द्वानी। शहर में वाहन चोरों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है। बनभूलपुरा में तड़के चोर सी सी टीवी कैमरे की नजर के सामने बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि काठगोदाम में रातभर घर के बाहर खड़ी स्कूटी सुबह गायब मिली। एक वारदात कैमरे में कैद होने के बावजूद आरोपी की पहचान नहीं हो सकी, तो दूसरी घटना में पुलिस ने चोरी के करीब एक सप्ताह बाद मुकदमा दर्ज किया। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने दोपहिया वाहनों की सुरक्षा और पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बनभूलपुरा के लाइन नंबर-17 के कोने पर खड़ी हीरो स्प्लेंडर बाइक संख्या यू के04 एजे 5509 को तड़के अज्ञात चोर ले उड़ा। बाइक स्वामी अमीर हमजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बाइक उनके नाम पर पंजीकृत थी। चोरी के बाद आसपास लगे सी सी टीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक लेकर जाता साफ दिखाई दिया। इसके बावजूद आरोपी की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सी सी टीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

उधर, काठगोदाम के मिर्जा कम्पाउंड, कलसिया पुल के पास भी वाहन चोरों ने घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर हाथ साफ कर दिया। वसीम पुत्र अनीस अहमद ने बताया कि उन्होंने 30 सितंबर की रात स्कूटी संख्या यू के04 एजे 6814 घर के बाहर खड़ी की थी। अगले दिन एक अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे बाहर आए तो स्कूटी गायब थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।
स्कूटी चोरी होने के मामले में काठगोदाम पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आसपास के सी सी टीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

दो अलग-अलग इलाकों में हुई इन वारदातों ने शहर में दोपहिया वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर बनभूलपुरा की घटना में सी सी टीवी फुटेज सामने आने के बावजूद आरोपी का पकड़ से बाहर रहना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।

Popular Articles