Top 5 This Week

Related Posts

लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी को मोदी कैबिनेट की मंजूरी, 543 से बढ़कर 815 हो सकती है सदस्यों की संख्या

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। इस प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान अनुपात में बढ़ाई जाएगी। नई व्यवस्था के तहत राज्यों की मौजूदा संसदीय हिस्सेदारी को वर्ष 2051 तक सुरक्षित रखने का प्रस्ताव है।

कैबिनेट का यह फैसला 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले आया है। सरकार इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक में संशोधन पेश कर सकती है।

543 से बढ़कर 815 हो सकती हैं सीटें

प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि होने पर सदस्यों की संख्या बढ़कर लगभग 815 हो सकती है। इससे संसद के निचले सदन में 272 अतिरिक्त सीटें जुड़ेंगी। सरकार का उद्देश्य सभी राज्यों को समान अनुपात में प्रतिनिधित्व बढ़ाने का अवसर देना है, ताकि परिसीमन के दौरान किसी राज्य की मौजूदा हिस्सेदारी प्रभावित न हो।

दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने की कोशिश

परिसीमन को लेकर दक्षिण भारत के राज्यों में आशंका रही है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्निर्धारण होने से अधिक आबादी वाले राज्यों को ज्यादा सीटें मिल सकती हैं। इससे दक्षिणी राज्यों का संसद में सापेक्ष प्रतिनिधित्व कम होने की आशंका जताई जा रही थी।

नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का फॉर्मूला अपनाकर इस चिंता को दूर करने का प्रयास किया गया है। मौजूदा राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 2051 तक बनाए रखने की बात कही गई है।

महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी

सरकार का यह प्रस्ताव लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की प्रक्रिया से भी जुड़ा है। वर्ष 2023 में पारित महिला आरक्षण कानून के क्रियान्वयन को लेकर सरकार नए संशोधनों पर काम कर रही है।

इससे पहले अप्रैल 2026 में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लोकसभा में आवश्यक बहुमत हासिल नहीं कर पाया था।

30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र

लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होने की संभावना है। विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चल सकता है। अब सरकार के सामने प्रस्तावित संवैधानिक संशोधन को दोनों सदनों में विशेष बहुमत से पारित कराने की चुनौती होगी।

Popular Articles