हरिद्वार। रोशनाबाद जिला कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जेल अधीक्षक के मोबाइल पर कथित तौर पर अभद्र और धमकी भरे संदेश भेजकर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को जेल अधीक्षक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। इसके बाद सिडकुल पुलिस और सीआईयू की टीम ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में जुट गई।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया
पुलिस ने सोमवार को सिडकुल थाना क्षेत्र में सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान हिमांशु चोढा को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से पंजाब के लुधियाना का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पत्नी से पूछताछ को लेकर था नाराज
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसकी पत्नी शीला रोशनाबाद जेल में बंद है। जेल में पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल कर्मचारियों द्वारा अधिक पूछताछ किए जाने से वह नाराज था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पत्नी ने कथित तौर पर उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने के लिए कहा और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया।
इसके बाद आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड पर नया मोबाइल नंबर लिया और जेल अधीक्षक को धमकी भरे संदेश भेजे। बाद में सोशल मीडिया से उसे अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली।
जेल की ओर जा रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी तमंचा और कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंचा और जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से जिला कारागार की ओर जा रहा था। इसी दौरान सूर्यनगर के पास चेकिंग में उसे पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी की पत्नी के खिलाफ भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।





