रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर भटवाड़ी-कंडारा के पास एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। सभी लोग पोखरी क्षेत्र से रांसी गांव की ओर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना सोमवार रात करीब 10 बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही अगस्त्यमुनि कोतवाली पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), जिला आपदा प्रतिवादन बल (डीडीआरएफ) और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। सीओ रुद्रप्रयाग के नेतृत्व में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
चार किलोमीटर पैदल चलकर पहुंची बचाव टीम
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और सड़क संपर्क नहीं होने के कारण बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एसडीआरएफ और डीडीआरएफ के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर दुर्घटनास्थल तक पहुंच बनाई। इसके बाद खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सभी लोगों को बाहर निकाला गया।
चार घायल हायर सेंटर रेफर
हादसे में कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), सूरत सिंह (42) और बलवीर सिंह (70) की मौके पर ही मौत हो गई। चारों मृतक ऊखीमठ क्षेत्र के निवासी थे। वहीं, छह घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें श्रीनगर स्थित उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।





