Top 5 This Week

Related Posts

राम मंदिर दान घोटाला: सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार, कहा- ‘आसमान नहीं टूट पड़ेगा’

नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान राशि में कथित गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर दायर जनहित याचिका (PIL) पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। सोमवार को मामले का उल्लेख किए जाने पर शीर्ष अदालत की पीठ ने कहा कि इस मामले में इतनी आपात स्थिति नहीं है कि तत्काल सुनवाई की जाए।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मामले की शीघ्र सुनवाई आवश्यक है। इस पर न्यायालय ने टिप्पणी की कि “आसमान नहीं टूट पड़ेगा” और मामले को नियमित प्रक्रिया के तहत सूचीबद्ध किया जाएगा।

याचिका में अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े दान और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) के नेतृत्व में बहु-एजेंसी जांच दल से कराने की मांग की गई है। साथ ही दान से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल भुगतान रिकॉर्ड तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का भी अनुरोध किया गया है।

इससे पहले भी शीर्ष अदालत ने मामले में तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की थी और कहा था कि याचिका को नियमानुसार सूचीबद्ध किया जाएगा। इधर, कथित दान गड़बड़ी मामले की जांच उत्तर प्रदेश में जारी है और पुलिस ने इस प्रकरण में कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी की है।

अब इस मामले में आगे की सुनवाई नियमित सूची के अनुसार होगी, जिसमें अदालत याचिका में उठाए गए आरोपों और जांच की मांग पर विस्तृत विचार करेगी।

Popular Articles