Top 5 This Week

Related Posts

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर स्वांग के बाद पप्पू यादव का दावा, ‘मिल रही हैं जान से मारने की धमकियां’

नई दिल्ली। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने दावा किया है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर संसद परिसर में किए गए विरोध प्रदर्शन और स्वांग के बाद उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह से उन्हें कई फोन कॉल आए, जिनमें बाहर निकलने पर जान से मारने और माफी मांगने की धमकी दी गई।

पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने किसी व्यक्ति विशेष या संत का नाम नहीं लिया और न ही किसी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उनके अनुसार, विपक्ष ने केवल राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था, जिसे उन्होंने एक प्रतीकात्मक स्वांग के माध्यम से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर उन्हें किस बात के लिए माफी मांगनी चाहिए।

यह बयान ऐसे समय आया है जब एक दिन पहले उनके दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान हंगामा हो गया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक व्यक्ति ने उन पर चप्पल फेंक दी, जिसके बाद उसके और पप्पू यादव के समर्थकों के बीच हाथापाई हुई। सांसद ने इस घटना को अपनी हत्या की साजिश करार दिया।

दिल्ली पुलिस ने मामले में दो लोगों की पहचान की है। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरे की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

गौरतलब है कि संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावे के कथित दुरुपयोग को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद पप्पू यादव, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ वाराणसी में धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है।

Popular Articles