हल्द्वानी/रामनगर। नैनीताल पुलिस ने रामनगर स्थित एक नामी रिसॉर्ट में देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट, शराब और नशे की पार्टी का भंडाफोड़ किया। संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 महिलाओं (जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है) को बरामद किया। मौके से 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। अनैतिक गतिविधियों और साक्ष्य छिपाने के आरोप में रिसॉर्ट को भी सील कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज सिंह कत्याल तथा अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 जुलाई की रात यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर रिसॉर्ट में छापा मारने पर वहां बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई महिलाओं के साथ अनैतिक देह व्यापार चल रहा था। मौके पर मौजूद लोग शराब और नशे की पार्टी करने, महिलाओं से अश्लील डांस करवाने, उन पर नोट उड़ाने तथा अश्लील हरकतें करते मिले।
10 दिन पहले हुई थी पूरी प्लानिंग
पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार निवासी मेरठ ने बताया कि वह एक कीटनाशक निर्माण कंपनी का संचालक है और कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की गई थी। जांच में सामने आया कि करीब 10 दिन पहले उसने रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और कथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था कराने को कहा था। इसके बाद 4 से 5 जुलाई तक के लिए रिसॉर्ट करीब 2.20 लाख रुपये में बुक कराया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी ने सुनील कुमार के माध्यम से प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई थी।
रजिस्टर में नहीं की गई थी एंट्री
जांच में यह भी सामने आया कि रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर ने स्टाफ को निर्देश दिए थे कि पार्टी में आने वाले किसी भी व्यक्ति या महिलाओं की आगंतुक रजिस्टर में कोई प्रविष्टि न की जाए, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। इन्हीं तथ्यों के आधार पर रिसॉर्ट को सील कर दिया गया। मामले में रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने मौके से शराब की तीन पेटियां, बीयर की एक पेटी, 10 रुपये मूल्य के नकली नोटों की 24 गड्डियां, महिलाओं पर उड़ाए गए नोटों का पुलिंदा, आपत्तिजनक सामग्री, एक लैपटॉप, कई मोबाइल फोन, जिनमें आयोजन और महिलाओं से संबंधित फोटो एवं चैट मिली हैं, तथा डांस कार्यक्रम में प्रयुक्त म्यूजिक सिस्टम, एम्पलीफायर और साउंड बॉक्स बरामद किए हैं।
इन धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रामनगर में बीएनएस की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 5 एवं 6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम की धारा 60/21 तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 77 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने इस प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।





