मोबाइल और दो हजार रुपये लूटे, वारदात सीसीटीवी में कैद; पुलिस फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी
हल्द्वानी। शहर में देर रात सड़कों पर निकलना अब किस हद तक जोखिम भरा हो गया है, इसकी बानगी कालाढूंगी रोड पर देखने को मिली। राइड लेकर जा रहे एक रैपिडो चालक को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया और गाली-गलौज के बाद उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावर चालक का मोबाइल और करीब दो हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक शिवालिक विहार, काठगोदाम निवासी रैपिडो चालक हरीश चंद्र सिंह देर रात एक राइड लेकर ऊंचापुल की ओर जा रहा था। कालाढूंगी रोड के पास अचानक कुछ लोगों ने उसकी स्कूटी रोक ली। चालक के मुताबिक आरोपियों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावर उसका मोबाइल फोन और करीब दो हजार रुपये की नकदी छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित चालक ने हीरा नगर चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सीसीटीवी खोलेगा हमलावरों का राज
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में वारदात से जुड़े कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ ही घटना के पीछे की वजह का भी पता लगा रही है।





