टोक्यो। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर जापान पहुंच गए। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और जापान के बीच रक्षा एवं रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना है। राजनाथ सिंह टोक्यो में आयोजित होने वाले चौथे भारत-जापान विदेश एवं रक्षा मंत्रियों के संवाद (2+2) में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वह जापान के रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइजुमी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
जापान पहुंचने पर राजनाथ सिंह का स्वागत जापान के ज्वाइंट स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल नोरिमिची शिराकावा ने किया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
चारों देशों के मंत्री होंगे शामिल
टोक्यो में होने वाली 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता की सह-अध्यक्षता भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे। वहीं, जापान की ओर से रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी इसमें शामिल होंगे।
बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा परिस्थितियों पर विचार-विमर्श के साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला, समावेशी और नियम आधारित बनाए रखने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी।
रक्षा तकनीक और सैन्य अभ्यास पर जोर
राजनाथ सिंह और उनके जापानी समकक्ष शिनजिरो कोइजुमी के बीच इस साल यह तीसरी मुलाकात होगी। दोनों नेता रक्षा उपकरणों और अत्याधुनिक तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा मजबूत करने तथा तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यासों का दायरा बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा रक्षा उद्योग में साझेदारी को मजबूत करने और दोनों देशों के बीच तकनीकी एवं औद्योगिक सहयोग के नए अवसर तलाशने पर भी जोर रहेगा।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा अहम मुद्दा
भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी है। दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समुद्री सुरक्षा बनाए रखने के पक्षधर हैं। ऐसे में यह बैठक क्षेत्र में बदलते भू-राजनीतिक हालात के बीच काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विदेश मंत्रालयों और रक्षा प्रतिष्ठानों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ यह वार्ता दोनों देशों के भविष्य के रक्षा सहयोग की दिशा भी तय करेगी।





