नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। इन बैठकों को यूपी चुनाव से पहले भाजपा की रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, नितिन नवीन के आवास पर हुई बैठक में मुख्यमंत्री और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने, पार्टी की आंतरिक चुनौतियों तथा बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी मौजूद रहे।
छह क्षेत्रों के लिए अलग-अलग रणनीति
भाजपा ने उत्तर प्रदेश को छह संगठनात्मक क्षेत्रों में बांटकर चुनावी तैयारियां करने की योजना बनाई है। इसके लिए दूसरे राज्यों से छह संगठन मंत्रियों की तैनाती का फैसला लिया गया है। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान से जोड़ना है।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इसी महीने उत्तर प्रदेश के दो क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। दिसंबर के पहले पखवाड़े में बाकी चार क्षेत्रों में भी इसी तरह की बैठकें प्रस्तावित हैं।
मोदी और शाह की रैलियों की तैयारी
भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 20 और अमित शाह की 18 रैलियों की योजना भी बना रही है। इन रैलियों के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी है। हालांकि, जरूरत के अनुसार रैलियों की संख्या और कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है।
मथुरा की बैठक में विकास, कानून-व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान को चुनावी मुद्दा बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही युवाओं तक पहुंच बढ़ाने और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने के निर्देश भी दिए गए।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 में प्रस्तावित हैं। भाजपा लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व की ये बैठकें आगामी चुनाव के लिए संगठन और राजनीतिक रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगी।




