यमुना एक्सप्रेसवे बस अग्निकांड: भाजपा नेता की पत्नी और बेटे के शव की पहचान, निखिल ने की शिनाख्त
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस अग्निकांड में शुक्रवार को दो और मृतकों की पहचान हो गई। मृतकों की पहचान महोबा निवासी सुनीता गुप्ता और उनके बेटे शशांक गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता नीरज गुप्ता के परिवार से थे। सुनीता के छोटे बेटे निखिल ने नोएडा सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस में मां और भाई के शवों की पहचान की।
सुनीता इन दिनों दिल्ली में अपने बेटे शशांक के पास रह रही थीं। बुधवार देर रात दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही डबल डेकर एसी स्लीपर बस यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर कोतवाली क्षेत्र में आग की चपेट में आ गई थी। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हुई थी।
26 यात्रियों ने शीशे तोड़कर बचाई जान
पुलिस के अनुसार बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद 26 यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि नौ यात्री बस के भीतर फंस गए। दमकल कर्मियों ने कई घंटे के अभियान के बाद बस का ढांचा काटकर शवों को बाहर निकाला। शव बुरी तरह झुलस गए थे, जिसके कारण उनकी पहचान में कठिनाई हुई।
अब तक मृतकों में सुनीता गुप्ता, शशांक गुप्ता के अलावा सरोज गुप्ता, मयंक गुप्ता, ऊषा देवी, हरिशरण गुप्ता, देवेंद्र सहाय भारद्वाज और श्रुति रावत की पहचान हो चुकी है। शेष शवों की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी।
चालक-परिचालक समेत चार गिरफ्तार
हादसे के मामले में पुलिस ने लापरवाही के आरोप में बस चालक योगेश व पवन, परिचालक रोहित और बस मैनेजर विकास को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जांच में चालक और परिचालक के शराब पीने की भी पुष्टि हुई है। मामले की जांच जारी है।
हादसे के बाद बस की सुरक्षा व्यवस्था और उसमें ले जाए जा रहे सामान को लेकर भी सवाल उठे हैं। पुलिस और प्रशासन घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।





