हल्द्वानी। बीएलएम एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने सोमवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित ‘निबंध मंथन’ कार्यक्रम में लाइव प्रसारण के माध्यम से उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। देहरादून से प्रसारित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए युवा शक्ति, नेतृत्व क्षमता और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को Leadership (नेतृत्व) की व्यापक अवधारणा से परिचित कराते हुए कहा कि नेतृत्व किसी पद अथवा अधिकार तक सीमित नहीं है। प्रत्येक विद्यार्थी अपने ज्ञान, प्रतिभा, विचारों, निर्णय क्षमता और जिम्मेदारी के माध्यम से जीवन के हर क्षेत्र में नेतृत्व कर सकता है। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, कला, प्रशासन, उद्यमिता और सामाजिक सेवा—हर क्षेत्र में युवाओं के लिए नेतृत्व के अवसर हैं।
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने सपनों और कल्पनाओं को विचारों में ढालने तथा भविष्य के विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की परिकल्पना करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को गंभीरता एवं उत्साह के साथ देखा और मुख्यमंत्री के विचारों से प्रेरणा प्राप्त की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गायत्री कंवर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में केवल रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति की क्षमता ही विकसित नहीं करते, बल्कि उन्हें भविष्य का नेतृत्व करने के लिए तैयार भी करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के उत्तराखंड के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में यह विश्वास और संकल्प मजबूत किया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ केवल एक कल्पना नहीं, बल्कि युवा नेतृत्व, नवाचार, जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयासों से साकार होने वाला भविष्य है।





