मुंबई। दुनिया भर के हिंदू नेताओं, विचारकों, उद्यमियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों का वैश्विक सम्मेलन वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 इस बार मुंबई में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय सम्मेलन 18 से 20 दिसंबर तक बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
60 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के आने की उम्मीद
आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में 60 से अधिक देशों के 4,000 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इसमें हिंदू नेता, शिक्षाविद, उद्यमी, मीडिया प्रतिनिधि और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। तीन दिनों के दौरान 45 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 150 से ज्यादा वक्ता अपने विचार रखेंगे।
‘साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प’ होगी थीम
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 की थीम ‘समानं व्रतं सह चित्तम्’ रखी गई है, जिसका अर्थ है ‘साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प’। सम्मेलन का उद्देश्य दुनिया भर के हिंदू नेताओं और संस्थाओं को एक मंच पर लाकर आपसी संवाद, सहयोग और विचार-विमर्श को बढ़ावा देना है।
धर्म, समाज, भाषा और कौशल पर होगा मंथन
सम्मेलन में धर्म, समाज, विश्वकर्मा और भाषा विषयों पर चार विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। धर्म सत्र में विभिन्न धार्मिक और दार्शनिक परंपराओं के प्रतिनिधि समकालीन समाज में धर्म की भूमिका पर चर्चा करेंगे। समाज सत्र में सामाजिक समरसता और सामुदायिक विकास, जबकि भाषा सत्र में भाषाई विरासत और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण पर विचार किया जाएगा।
विश्वकर्मा सत्र में कौशल विकास, उद्यमिता, नवाचार और कारीगरों के योगदान पर चर्चा होगी। इसके अलावा, अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया और राजनीति जैसे क्षेत्रों में हिंदू समाज की भूमिका को मजबूत करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।
पहली बार आयोजित होगा वर्ल्ड हिंदू एक्सपो
इस सम्मेलन के साथ पहली बार वर्ल्ड हिंदू एक्सपो का भी आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य व्यापार-वाणिज्य को बढ़ावा देना और आर्थिक सहयोग के नए अवसर विकसित करना है।
गौरतलब है कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस इससे पहले 2014 में नई दिल्ली, 2018 में शिकागो और 2023 में बैंकॉक में आयोजित हो चुकी है। मुंबई में होने वाला चौथा सम्मेलन वैश्विक स्तर पर हिंदू समुदायों के बीच संपर्क और सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा।





