Top 5 This Week

Related Posts

सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी, राष्ट्रपति भवन तक मार्च की तैयारी

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। शुक्रवार को भी विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शन की तैयारी की। विपक्ष का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपनी चिंताओं से अवगत कराया जाएगा। 

राहुल गांधी के नेतृत्व में जुटेंगे विपक्षी सांसद

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में विपक्षी सांसद संसद भवन परिसर में एकत्र होने की तैयारी में हैं। विपक्ष ने राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मुलाकात का समय निर्धारित नहीं हुआ था। विपक्षी नेताओं ने कहा है कि यदि समय नहीं मिलता है तो राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने सहित विरोध के अन्य विकल्पों पर विचार किया जाएगा।

ममता बनर्जी, अखिलेश और तेजस्वी से संपर्क

राहुल गांधी ने विपक्षी एकजुटता मजबूत करने के लिए तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से संपर्क किया है। इन नेताओं से दिल्ली पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया गया है।

विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंका है। वे चुनाव आयोग से पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

चुनाव आयोग ने आरोपों को किया खारिज

विपक्ष के आरोपों के बीच चुनाव आयोग का कहना है कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण नियमानुसार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मृत, डुप्लीकेट और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाकर सूची को दुरुस्त करना है। आयोग ने पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने की प्रतिबद्धता भी जताई है।

आंदोलन जारी रखने का एलान

विपक्षी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक मतदाता सूची से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। अब सबकी नजर राष्ट्रपति भवन से मिलने वाले जवाब और विपक्ष की आगे की रणनीति पर है।

Popular Articles