Top 5 This Week

Related Posts

गंगा जल संधि पर बांग्लादेश का बदला रुख, नए समझौते की मांग छोड़ी; 12 दिसंबर से पहले भारत से बातचीत की उम्मीद

ढाका। भारत और बांग्लादेश के बीच 1996 की गंगा जल बंटवारा संधि को लेकर चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। बांग्लादेश ने अपने रुख में नरमी दिखाते हुए नए समझौते की मांग से पीछे हटने के संकेत दिए हैं। अब ढाका चाहता है कि भारत के साथ मौजूदा संधि के नवीनीकरण को लेकर जल्द औपचारिक बातचीत शुरू हो। इस संधि की अवधि 12 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रही है।

पहले नए समझौते की कर रहा था मांग

बांग्लादेश पहले भारत के साथ नया जल बंटवारा समझौता करने पर जोर दे रहा था। उसकी प्रमुख मांग थी कि सूखे के मौसम में उसे गंगा नदी से मिलने वाले पानी की उचित मात्रा की गारंटी दी जाए। इसके लिए ढाका ने भारत से अलग तकनीकी समिति गठित करने का भी अनुरोध किया था।

वहीं, भारत का कहना रहा है कि सीमा पार नदियों से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए संयुक्त नदी आयोग (जेआरसी) पहले से स्थापित व्यवस्था है।

91वीं बैठक में बनी सहमति

ढाका में रविवार को भारत-बांग्लादेश संयुक्त समिति की 91वीं बैठक हुई। इसमें दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने वर्ष 2026 में संधि के क्रियान्वयन से संबंधित वार्षिक रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया।

बैठक के बाद बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के वित्त एवं योजना सलाहकार राशद तितुमीर ने कहा कि संधि से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत गंगा के पानी का न्यायसंगत और उचित बंटवारा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाएगा।

राजनीतिक नेतृत्व करेगा अंतिम फैसला

बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदुद्दीन चौधरी अनी ने हाल ही में अपने भारतीय समकक्ष को पत्र लिखकर बातचीत जल्द शुरू करने का आग्रह किया था। बांग्लादेश ने जून 2026 में 10 सदस्यीय उच्चस्तरीय तकनीकी समिति भी गठित की थी।

हालांकि, संधि का नवीनीकरण किया जाएगा या इसे अंतरिम अवधि के लिए बढ़ाया जाएगा, इसका अंतिम फैसला दोनों देशों का राजनीतिक नेतृत्व करेगा।

54 नदियां साझा करते हैं दोनों देश

भारत और बांग्लादेश के बीच कुल 54 नदियां साझा हैं, लेकिन गंगा नदी के जल बंटवारे को लेकर ही दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संधि है। वर्ष 1996 में हुई इस संधि का उद्देश्य दोनों देशों के बीच पानी का उचित बंटवारा सुनिश्चित करना था।

अब 12 दिसंबर की समयसीमा नजदीक आने के साथ दोनों देशों के बीच बातचीत और नए समझौते को लेकर कूटनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।

Popular Articles