मुंबई। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंधों और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा करने के आरोप में मुंबई के एक रैपिडो चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर (33) के रूप में हुई है। वह मुंबई के माहिम इलाके का रहने वाला है और रैपिडो बाइक टैक्सी चलाने के साथ इत्र बेचने का काम भी करता था।
पाकिस्तानी खुफिया तंत्र से संपर्क की जांच
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी पर सामान्य कामकाज की आड़ में कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार करने का संदेह है। एटीएस यह भी जांच कर रही है कि उसके पाकिस्तानी खुफिया तंत्र से संपर्क थे या नहीं। गुप्त सूचना मिलने के बाद एटीएस ने उसे माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा।
जांच के दौरान आरोपी की सोशल मीडिया गतिविधियों और टेलीग्राम पर साझा की गई सामग्री की पड़ताल की गई। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी से जुड़े एक टेलीग्राम समूह में जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर के भाषणों की ऑडियो क्लिप साझा किए जाने की जानकारी मिली है। इनमें बाबरी मस्जिद से संबंधित सामग्री भी शामिल बताई गई है। आरोपी के एक कट्टरपंथी पाकिस्तानी टेलीग्राम चैनल से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।
पीएम मोदी को लेकर की थी टिप्पणी
एटीएस के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई एक टिप्पणी भी शामिल है। आरोप है कि सितंबर में मुंबई में प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सुरक्षा में चूक से संबंधित खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए उसने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का संदर्भ देकर मोदी को निशाना बनाने जैसी बात कही थी।
जांच एजेंसी का आरोप है कि आरोपी ने कुछ पोस्ट के जरिए धार्मिक वैमनस्य फैलाने और हिंसा को बढ़ावा देने का प्रयास किया। उसके मोबाइल फोन से आपत्तिजनक सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े 39 स्क्रीनशॉट भी जुटाए गए हैं।
मोबाइल फोन जब्त, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(1) के तहत मामला दर्ज किया है। यह धारा विभिन्न समूहों के बीच धर्म, भाषा और अन्य आधारों पर वैमनस्य फैलाने से संबंधित है।
जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन और डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। उसके कथित संपर्कों और किसी बड़े नेटवर्क से संबंध होने की आशंका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।





