ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार तड़के अज्ञात चोरों ने एक बुद्ध विहार को निशाना बनाते हुए भगवान गौतम बुद्ध और डॉ. भीमराव आंबेडकर की पीतल की मूर्तियां चोरी कर लीं। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना ठाणे के कलवा इलाके के जय भीम नगर-2 स्थित त्रिरत्न बुद्ध विहार में हुई। वर्ष 2019 में स्थापित इस बुद्ध विहार में स्थानीय बौद्ध समुदाय के लोग नियमित रूप से प्रार्थना और बुद्ध वंदना के लिए आते हैं।
सुबह टूटा मिला मुख्य दरवाजे का ताला
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम को नियमित प्रार्थना के बाद बुद्ध विहार को बंद कर दिया गया था। बुधवार सुबह जब स्थानीय लोग वहां पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर भगवान गौतम बुद्ध और डॉ. आंबेडकर की पीतल की मूर्तियां अपने आसनों से गायब मिलीं।
कलवा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि चोरों ने दोनों मूर्तियों को उनके स्थान से हटाकर चोरी किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए।
आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आरोपितों की पहचान करने और चोरी की गई मूर्तियों का पता लगाने में जुटी हैं।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।





