इंफाल। मणिपुर में एक बार फिर हिंसा की घटना सामने आई है। कांगपोकपी जिले में गुरुवार को संदिग्ध उग्रवादियों के दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में कुकी समुदाय की एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। कुकी संगठन ने विरोध में जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद का आह्वान किया है।
खेत में काम कर रही थी महिला
अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी सुबह करीब 11 बजे ताफौ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग इलाके के पास हुई। मृतक महिला की पहचान किमनेनेंग चोंगलोई के रूप में हुई है। वह खेत में धान की कटाई का काम कर रही थीं, तभी गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
गोलीबारी में एस. डेविड चोंगलोई और लामखोचोन चोंगलोई नाम के दो अन्य ग्रामीण घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, गोलीबारी किस गुट की ओर से की गई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है
सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए सीआरपीएफ, बीएसएफ और असम राइफल्स के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षाबलों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान भी चलाया है।
कुकी संगठन कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (CoTU) ने घटना पर नाराजगी जताते हुए 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है। संगठन ने जिले से सुरक्षाबलों को हटाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि वे आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नाकाम रहे हैं।
दो युवकों की हत्या के बाद पहले से तनाव
गौरतलब है कि इसी गांव के दो कुकी युवक 28 अक्टूबर को लापता हो गए थे। एक नवंबर को तलाशी अभियान के दौरान उनके शव पड़ोसी सेनापति जिले में मिले थे। इस घटना के बाद से ही इलाके में विरोध-प्रदर्शन जारी हैं।
लगातार हो रही हिंसक घटनाओं ने मणिपुर में सुरक्षा व्यवस्था और शांति बहाली को लेकर चिंता बढ़ा दी है।





