हल्द्वानी। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बुधवार को दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए उनके योगदान के लिए आभार जताया गया। इसके साथ ही कांग्रेस के राजनीतिक रुख को लेकर भाजपा ने तीखा हमला बोला।
बैठक में ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़ा प्रस्ताव भी रखा गया। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया। भाजपा नेताओं ने उत्तराखंड के विकास को केंद्र सरकार के विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ने पर जोर दिया।
वंदेमातरम पर कांग्रेस को घेरा
कार्यसमिति में वंदेमातरम को लेकर कांग्रेस के रुख की निंदा की गई। भाजपा ने इसे राष्ट्रभावना से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय भावना और देशहित से जुड़े विषयों पर कांग्रेस का रुख जनता के सामने रखा जाएगा।
हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर भी प्रस्ताव
दूसरे राजनीतिक प्रस्ताव में हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले में कांग्रेस के रुख की आलोचना की गई। भाजपा ने तय किया कि आगामी राजनीतिक अभियान में विकास, विरासत और संरक्षण के मुद्दों को प्रमुखता दी जाएगी। पार्टी ने कांग्रेस का राजनीतिक रूप से खुलकर विरोध करने का भी संकल्प लिया।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी, मंत्री और विभिन्न जिलों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक को उत्तराखंड में भाजपा के आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठन की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





