नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को इन नियुक्तियों की घोषणा की। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को सौंपी गई है। उनके साथ राष्ट्रीय सचिव जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी बनाया गया है। राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने में इन नियुक्तियों को अहम माना जा रहा है।
वहीं, सतीश पूनिया को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पूनिया भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद हैं। पंजाब में भी अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। पार्टी का लक्ष्य संगठन को मजबूत करने के साथ राज्य में अपने राजनीतिक आधार का विस्तार करना है।
तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। चुघ राज्यसभा सांसद हैं और भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के संगठनात्मक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। गुजरात में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाजपा की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, अन्य राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति बाद में की जाएगी। तब तक मौजूदा प्रभारी व्यवस्था जारी रहेगी।
इन नियुक्तियों को भाजपा के संगठनात्मक पुनर्गठन की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। एक दिन पहले ही नितिन नबीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। अब प्रमुख चुनावी राज्यों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपकर भाजपा ने आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक तैयारियों को गति देने का संकेत दिया है।




