Top 5 This Week

Related Posts

भाजपा की डिजिटल टीम में बड़ा बदलाव, अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को कमान

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी डिजिटल और सोशल मीडिया रणनीति में बड़ा बदलाव करते हुए दीपक म्हस्के को पार्टी के सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। म्हस्के ने लंबे समय से इस जिम्मेदारी को संभाल रहे अमित मालवीय की जगह ली है। यह बदलाव भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम के गठन के साथ हुआ है।

अमित मालवीय करीब 11 वर्षों तक भाजपा के आईटी और डिजिटल संचालन से जुड़े रहे। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर दीपक म्हस्के को बधाई दी। मालवीय के कार्यकाल में भाजपा ने चुनावी अभियानों, सोशल मीडिया कैंपेन और डिजिटल नैरेटिव को पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बनाया।

कौन हैं दीपक म्हस्के?

छत्तीसगढ़ के रायपुर से आने वाले 58 वर्षीय दीपक म्हस्के की भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया विभाग में करीब 15 वर्षों की सक्रिय भूमिका रही है। वे कई विधानसभा चुनावों में पार्टी के सोशल मीडिया अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं। बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में चुनावी अभियानों के दौरान उनकी भूमिका अहम रही।

म्हस्के की पहचान सिर्फ राजनीतिक कार्यकर्ता के तौर पर नहीं, बल्कि अकादमिक और चुनावी आंकड़ों के जानकार के रूप में भी रही है। वे रसायन विज्ञान के प्रोफेसर रह चुके हैं और चुनावी डेटा के विश्लेषण से जुड़े रहे हैं। उनकी नियुक्ति से भाजपा के डिजिटल अभियान में डेटा आधारित रणनीति और जमीनी चुनावी अनुभव के मेल की उम्मीद की जा रही है।

डिजिटल रणनीति में बदलाव के संकेत

म्हस्के को सोशल मीडिया विभाग की कमान मिलने के साथ प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के सामने आगामी विधानसभा चुनावों के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव की भी तैयारी है। ऐसे में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संगठन को और प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी नई टीम पर होगी।

नई जिम्मेदारी के बाद म्हस्के ने कहा है कि पार्टी का डिजिटल तंत्र लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने और प्रचार के जरिए फैलने वाली गलत धारणाओं का जवाब देने पर जोर देगा।

Popular Articles