Top 5 This Week

Related Posts

भराड़ीसैंण में धूमधाम से मना उत्तराखंड का 26वां स्थापना दिवस, सीएम धामी ने की 13 बड़ी घोषणाएं

गैरसैंण। उत्तराखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का बढ़ेगा मानदेय

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एक दिसंबर 2026 से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि की जाएगी। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी जल्द बढ़ोतरी की जाएगी। राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने की घोषणा भी की गई।

युवाओं और महिलाओं के लिए नई योजनाएं

धामी ने राज्य में युवा आयोग के गठन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इनके व्यवसाय विस्तार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इसके अलावा प्रत्येक जिले में नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित किए जाएंगे। वन्यजीवों के हमलों में घायल लोगों को महंगे इलाज के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की गई।

बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

मुख्यमंत्री ने छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के विलंबित बिजली बिलों पर लगने वाला सरचार्ज माफ करने की घोषणा की। अन्य माध्यमों से बिजली प्राप्त कर रहे राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने की योजना भी बताई। प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए निवेश के उद्देश्य से भूमि खरीद की प्रक्रिया सरल की जाएगी।

विकास की नई ऊंचाइयों पर उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने 26 वर्षों में कई चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सड़क, रेल, हवाई और रोपवे कनेक्टिविटी के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखंड बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने देहरादून के शहीद स्थल पर राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Popular Articles