पटना/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री धामी को बिहार में एनडीए गठबंधन के पक्ष में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है।
कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री धामी आज सिवान जिले के गोरियाकोठी विधानसभा क्षेत्र पहुंचेंगे। यहां वह एनडीए प्रत्याशी देवेशकांत सिंह के नामांकन में शामिल होंगे और इसके बाद नारायण महाविद्यालय मैदान में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी अपनी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, गरीबों और किसानों के हित में चलाए जा रहे अभियानों तथा देश में हो रहे विकास और बदलाव के कार्यों को प्रमुखता से जनता के सामने रखेंगे। वह लोगों से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे।
भाजपा संगठन से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी की चुनावी सभाओं को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। रैली स्थल पर भारी भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी का मानना है कि उत्तराखंड के युवा मुख्यमंत्री की छवि और उनके ऊर्जावान नेतृत्व से बिहार में एनडीए को अतिरिक्त बढ़त मिल सकती है।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मुख्यमंत्री धामी बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में एनडीए प्रत्याशियों के लिए प्रचार अभियान जारी रखेंगे।
बिहार चुनाव में प्रचार करेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी





