दिनदहाड़े चोरी की वारदात से लोगों में दहशत, सीसीटीवी फुटेज में महिला कैद
हल्द्वानी। शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आए दिन हो रही वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला मुखानी थाना क्षेत्र में जहां दिनदहाड़े एक घर में घुसकर चोर महिला ने चांदी के आभूषण, पूजा के सिक्के और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर में आनन्दपुरी फेस-3 निवासी 67 वर्षीय सतीश कुमार ने बताया कि 26 जुलाई को वह अपने परिवार और भाई राजेन्द्र कुमार के साथ शादी की खरीदारी के लिए दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच घर में ताला लगाकर बाजार गए थे। लौटने पर सब कुछ सामान्य दिखाई दिया, लेकिन अगले दिन कमरे की सफाई के दौरान सामान बिखरा मिलने पर उन्हें शक हुआ।
अलमारी की जांच करने पर उसमें रखा पर्स गायब मिला, जिसमें उनकी पत्नी की चांदी की पायल, लक्ष्मी-गणेश अंकित बड़ा चांदी का सिक्का, विक्टोरिया के दो चांदी के सिक्के, अन्य पूजा के सिक्के तथा आधार कार्ड रखा था। इसके अलावा उनकी दिवंगत माता द्वारा वर्षों पहले दिया गया एक हरे रंग का डिब्बा भी अलमारी से गायब मिला, जिसमें आभूषण होने की बात बताई गई थी।
पीड़ित ने बताया कि घर के सीसीटीवी फुटेज देखने पर एक महिला घर में प्रवेश करती और कुछ देर बाद हाथ में थैला लेकर बाहर निकलती दिखाई दे रही है। इसके आधार पर उन्होंने पुलिस से आरोपी महिला की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की तहरीना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
बॉक्स खबर
रात के बाद अब दिनदहाड़े चोरी से बढ़ी चिंता
जहां चोर रात में चोरी करके पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोल रहे थे। वहीं अब चोर दिनदहाड़े भी सक्रिय हो गए हैं। जिससे ऐसा लगता है कि नगर में चोरों की बाढ़ सी आ गई है।





