Top 5 This Week

Related Posts

बदरीनाथ में सेना-पुलिस आमने-सामने, मेजर समेत 15 जवानों पर मुकदमा

गोपेश्वर/बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में यातायात व्यवस्था को लेकर सेना और पुलिस के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घस्तोली तिराहे के पास पुलिसकर्मी और सेना के मेजर के बीच कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस ने मारपीट और अन्य आरोपों में सेना के मेजर अनमोल प्रीत सिंह समेत 10 से 15 जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम बदरीनाथ क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को देखते हुए बैरियर लगाया गया था। बड़े वाहनों को आगे जाने से रोका जा रहा था, जबकि छोटे वाहनों को रुक-रुककर भेजा जा रहा था। इसी दौरान मेजर अनमोल प्रीत सिंह सादी वर्दी में जिप्सी से माणा की ओर जा रहे थे। पुलिस द्वारा वाहन रोके जाने पर कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद मेजर के साथ मौजूद अन्य सेना के जवान भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की तहरीर के मुताबिक, इस दौरान कांस्टेबल विजय सिंह और होमगार्ड दिनेश के साथ मारपीट की गई तथा उनकी वर्दी फाड़ दी गई। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले में कांस्टेबल विजय सिंह की तहरीर के आधार पर बदरीनाथ कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना उप निरीक्षक प्रकाश बिष्ट को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

वहीं, सेना की ओर से इस मामले में अभी कोई आधिकारिक तहरीर या विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सेना का पक्ष सामने आने के बाद घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट होगी। मामले की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Popular Articles