Top 5 This Week

Related Posts

बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: सीसीटीवी में दिखीं संदिग्ध गतिविधियां, बीकेटीसी के कई कर्मचारी जांच के घेरे में

चमोली। बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की जांच अब और तेज हो गई है। मामले में गिरफ्तार बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, 25 जून की सीसीटीवी फुटेज में कुछ अन्य कर्मचारियों की गतिविधियां भी संदिग्ध पाए जाने के बाद पुलिस ने उन्हें जांच के दायरे में लिया है।

पुलिस के अनुसार, चढ़ावे की गणना के दौरान रिकॉर्ड की गई फुटेज की जांच में आरोपी कर्मचारी के साथ कुछ अन्य कर्मचारी भी गणना कक्ष में दिखाई दिए हैं। इनकी गतिविधियों को लेकर पुलिस ने संबंधित सीसीटीवी रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिए हैं और मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

जांच अधिकारियों का कहना है कि अलग-अलग दिनों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग से यह स्पष्ट करने में मदद मिलेगी कि चढ़ावे की गणना प्रक्रिया के दौरान क्या-क्या गतिविधियां हुईं। पुलिस अब 29 जून की फुटेज सहित अन्य रिकॉर्डिंग की भी जांच कर रही है। मंदिर परिसर में लगाए गए नए हाई रिजोल्यूशन कैमरों के अलावा पुराने फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

इस मामले में पहले बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। आरोपों के बाद उन्हें निलंबित किया गया और जांच समितियों का गठन किया गया। प्रशासन और मंदिर समिति ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने और संदिग्ध कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल में जुटी है।

Popular Articles