किच्छा के पूर्व विधायक ने विशेष समुदाय के वोट बनाने के भी लगाए आरोप
रुद्रपुर। भाजपा नेता एवं किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 2022 के चुनावों से पहले एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा गया था। इसके तहत उत्तराखंड की मतदाता सूचियों में उत्तर प्रदेश से आए विशेष समुदाय के लोगों के नाम जोड़े गए। पूर्व विधायक शुक्ला ने सोमवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि किच्छा में 8184 ऐसे लोग हैं।
इनके नाम और मतदाता पहचान पत्र दो अलग-अलग जगहों पर दर्ज हैं। ये जगहें उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बिलासपुर, बहेड़ी आदि हैं। उन्होंने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 का हवाला दिया। उन्होंने फर्जी वोट दर्ज कराने वाले लोगों से अपील की है कि वे समय रहते अपना नाम एक स्थान से कटवा लें। ऐसा न करने पर उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पूर्व विधायक ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि एसआईआर को लेकर जनता में भ्रामक प्रचार कर रही है।
शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आठ हजार से अधिक ऐसे मतदाताओं के नाम की लिस्ट भी दिखाई, जिसमें दो जगहों पर नाम है। फर्जी नाम कटने के भय से कांग्रेस तिलमिला रही है। उन्होंने बताया कि उनके पास तो सबूत हैं। उन्होंने ऐसे लोगों से अपील की है कि जिनके दो जगहों पर वोट हैं, एक जगह से हटवा दें। ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।





