Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी से मिले स्विस राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन, व्यापार और निवेश पर बढ़ा सहयोग

भारत-स्विट्जरलैंड संबंधों को नई गति देने पर जोर, TEPA की पहली वर्षगांठ पर अहम मुलाकात

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन से मुलाकात की। तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए पार्मेलिन के साथ दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और नवाचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

स्विस राष्ट्रपति की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (TEPA) को लागू हुए एक वर्ष पूरा हो गया है। यह समझौता 1 अक्टूबर 2025 को प्रभावी हुआ था। इसके तहत EFTA के सदस्य देश भारत में अगले 15 वर्षों में 100 अरब डॉलर के निवेश की दिशा में प्रतिबद्धता जता चुके हैं।

व्यापार और निवेश पर विशेष जोर

वार्ता में दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ाने के साथ विज्ञान, तकनीक, नवाचार, आवागमन और लोगों के बीच संपर्क जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। भारत की ओर से स्विस बाजार में भारतीय उत्पादों की पहुंच बढ़ाने और स्विट्जरलैंड से भारत में निवेश को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।

इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति पार्मेलिन से मुलाकात की। जयशंकर ने भारत-स्विट्जरलैंड साझेदारी को मजबूत करने और भारत-EFTA TEPA की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।

राष्ट्रपति पार्मेलिन का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी दी। पार्मेलिन ने भारत यात्रा को दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

पार्मेलिन अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। 7 अक्टूबर को होने वाले दूसरे भारत-EFTA प्रॉस्पेरिटी समिट में भी उनके शामिल होने का कार्यक्रम है। यह सम्मेलन TEPA के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।

Popular Articles