नई दिल्ली। बेहतर रोजगार, शिक्षा और जीवनशैली की तलाश में विदेशों में बसने वाले भारतीयों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आर्थिक सहयोग एवं विकास संगठन (OECD) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2020 से 2024 के बीच करीब 9.25 लाख भारतीयों ने संगठन के सदस्य देशों की नागरिकता हासिल की। इस मामले में भारत दुनिया के सभी देशों में पहले स्थान पर रहा है।
OECD की ‘इंटरनेशनल माइग्रेशन आउटलुक 2026’ रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में नागरिकता हासिल करने वाले भारतीयों की संख्या 2015 से 2019 के मुकाबले 41 प्रतिशत अधिक है। उस अवधि में करीब 6.5 लाख भारतीयों ने OECD देशों की नागरिकता प्राप्त की थी।
कनाडा भारतीयों की पहली पसंद
रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2020 से 2024 के बीच सबसे अधिक 2.61 लाख भारतीयों ने कनाडा की नागरिकता हासिल की। यह पिछली पांच साल की अवधि के मुकाबले लगभग 150 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया भी भारतीयों के प्रमुख पसंदीदा देश रहे।
वर्ष 2024 में ही करीब 2.30 लाख भारतीयों को OECD देशों की नागरिकता मिली। इनमें कनाडा में 87,320, अमेरिका में 48,820 और ऑस्ट्रेलिया में 28,969 भारतीय शामिल हैं। ब्रिटेन में भी 24,888 भारतीयों ने नागरिकता हासिल की।
सीरिया और मेक्सिको दूसरे-तीसरे स्थान पर
नागरिकता हासिल करने के मामले में भारत के बाद सीरिया और मेक्सिको का स्थान रहा। दोनों देशों के करीब 5.9 लाख नागरिकों ने 2020 से 2024 के बीच OECD सदस्य देशों की नागरिकता प्राप्त की। वहीं, मोरक्को और फिलीपींस के नागरिक भी इस सूची में प्रमुख स्थान पर रहे।
38 देशों का संगठन है OECD
OECD में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान और दक्षिण कोरिया समेत कुल 38 सदस्य देश शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इस पांच साल की अवधि में इन देशों में करीब 87 लाख लोगों ने नई नागरिकता हासिल की, जिनमें भारतीयों की हिस्सेदारी लगभग 10 प्रतिशत रही।
रिपोर्ट यह भी बताती है कि वर्ष 2024 में OECD देशों में नए प्रवासियों का सबसे बड़ा स्रोत भारत रहा, हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में भारतीय प्रवासियों की संख्या में 19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।





