Top 5 This Week

Related Posts

परिसीमन पर केंद्र का नया दांव: 131वें की जगह 132वां संविधान संशोधन विधेयक लाएगी सरकार, सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव

नई दिल्ली। महिला आरक्षण और लोकसभा-विधानसभा सीटों के परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार ने अपनी रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। अप्रैल में लोकसभा में पारित नहीं हो पाने वाले 131वें संविधान संशोधन विधेयक की जगह अब सरकार 132वां संविधान संशोधन विधेयक, 2026 पेश करने जा रही है। नए प्रस्ताव में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान किया गया है। सरकार का उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है।

सीटों में समान वृद्धि सबसे बड़ा बदलाव

नए विधेयक के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव है। इसमें राज्यों से 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। वहीं, राज्य विधानसभाओं में अधिकतम सीटों की सीमा 500 से बढ़ाकर 650 करने की तैयारी है। पुराने 131वें संशोधन विधेयक में सभी राज्यों के लिए सीटों में समान प्रतिशत वृद्धि की गारंटी नहीं थी। नए प्रस्ताव से राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात मोटे तौर पर बरकरार रखने की कोशिश की गई है।

परिसीमन में 2011 की जनगणना का इस्तेमाल

दोनों विधेयकों के बीच दूसरा बड़ा अंतर जनगणना के आंकड़ों को लेकर है। नए प्रस्ताव के अनुसार, संशोधन लागू होने की तारीख तक उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय की जा सकेंगी। इसका मतलब है कि परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

2051 तक लागू रहेगा सीटों का नया आवंटन

132वें संशोधन विधेयक में परिसीमन के बाद सीटों का संशोधित आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों का बंटवारा 2051 तक लागू रखने का प्रस्ताव है। महिलाओं के लिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई आरक्षण का प्रावधान 15 वर्षों के लिए होगा। संसद को कानून बनाकर इसकी अवधि बढ़ाने का अधिकार भी रहेगा।

नए परिसीमन आयोग का होगा गठन

परिसीमन की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए तीन सदस्यीय परिसीमन आयोग गठित किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या पूर्व न्यायाधीश करेंगे, जिनकी नियुक्ति केंद्र सरकार करेगी। आयोग सीटों का आवंटन, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें निर्धारित करेगा। आरक्षित सीटों को रोटेशन के आधार पर बदलने का अधिकार भी आयोग के पास होगा।

गौरतलब है कि 131वां संविधान संशोधन विधेयक 17 अप्रैल को लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण गिर गया था। इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 सांसदों ने मतदान किया था। अब सरकार नए प्रावधानों के साथ इसे दोबारा आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

Popular Articles