Top 5 This Week

Related Posts

पटना के मनेर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, तीन बदमाश ढेर; थानाध्यक्ष को लगी गोली

पटना। बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन बदमाश मारे गए। वहीं, गोलीबारी के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार घायल हो गए। यह मुठभेड़ शेरपुर गंगा नदी के किनारे सुबह करीब तीन बजे हुई। पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की थी।

मारे गए तीनों आरोपियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे हत्या सहित कई गंभीर मामलों में वांछित थे।

बड़ी वारदात की साजिश रचने की मिली थी सूचना

पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि एसटीएफ और जिला पुलिस की टीमें अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ वांछित अपराधी शेरपुर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, जवानों को देखते ही आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार की बांह को छूते हुए निकल गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस ने चलाईं 18 गोलियां

एसएसपी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपियों की ओर से 24 से अधिक गोलियां चलाई गईं, जबकि पुलिस ने जवाब में 18 राउंड फायरिंग की। गोलीबारी थमने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां तीनों आरोपी घायल अवस्था में मिले।

उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।

पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में थे वांछित

दानापुर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एके झा ने बताया कि तीनों आरोपी मनेर के व्यापुर पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में वांछित थे।

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में बबलू कुमार और सूरज कुमार ने कथित तौर पर शूटर की भूमिका निभाई थी, जबकि जेपी यादव मुख्य साजिशकर्ता था।

घायल थानाध्यक्ष को उपचार के लिए पटना भेजा गया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मुठभेड़ से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Popular Articles