Top 5 This Week

Related Posts

नगर निगम ने स्कूली बच्चों के साथ मनाया वन महोत्सव, बच्चों ने चार रंगों के डस्टबिन से सीखा कचरा पृथक्करण

रुद्रपुर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और नई पीढ़ी में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से नगर निगम रुद्रपुर ने लिटिल किंगडम स्कूल के सहयोग से नगर निगम परिसर में वन महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम के दौरान महापौर विकास शर्मा, नगर निगम अधिकारियों, विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम में बच्चों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अंतर्गत स्रोत स्तर पर चार स्तरीय कचरा पृथक्करण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।

बच्चों को बताया कि घरों और संस्थानों में कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित कर निस्तारित करने से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) को भी बढ़ावा मिलता है।विद्यार्थियों को रेड, येलो, ग्रीन और ब्लू डस्टबिन के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

उन्हें बताया गया कि प्रत्येक रंग के डस्टबिन का अलग उद्देश्य होता है और यदि नागरिक प्रारंभिक स्तर पर ही कचरे का सही पृथक्करण करें तो कचरा प्रबंधन अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बन सकता है।निगम अधिकारियों ने बच्चों को नगर निगम द्वारा संचालित स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी।

साथ ही यह भी समझाया गया कि घरों से निकलने वाला कचरा किस प्रकार एकत्रित किया जाता है, उसका पृथक्करण, परिवहन, प्रसंस्करण और अंतिम निस्तारण किस प्रक्रिया के तहत किया जाता है। विद्यार्थियों ने इस पूरी प्रक्रिया को उत्साहपूर्वक समझा और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

बच्चों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।महापौर विकास शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इसी सोच के साथ नगर निगम ने स्कूली बच्चों के साथ संवाद का एक नया अभियान प्रारंभ किया है। बच्चे देश के भविष्य ही नहीं, वर्तमान के सबसे प्रभावी जागरूकता दूत भी हैं। यदि उनमें छोटी उम्र से ही स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण की आदत विकसित की जाए तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर दिखाई देगा।

उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ निरंतर संवाद हमारी प्राथमिकता है। विद्यालयों के माध्यम से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले समय में जनजागरूकता का व्यापक रूप लेगा।कार्यक्रम में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डेय, राजू नबियाल समेत स्कूल प्रबंधन, छात्र मौजूद रहे।

Popular Articles