Top 5 This Week

Related Posts

देहरादून में 27 नवंबर से सजेगा साहित्य और सितारों का महाकुंभ, एआर रहमान से शबाना आजमी तक जुटेंगे दिग्गज

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर साहित्य, सिनेमा, संगीत और कला जगत की नामचीन हस्तियों की मेजबानी करने जा रही है। 27 से 29 नवंबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल में देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ) का आयोजन होगा। तीन दिवसीय महोत्सव में संगीतकार एआर रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह और अभिनेता राज बब्बर सहित कई चर्चित हस्तियां शामिल होंगी।

इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ रखी गई है। इसके तहत जीवन के अनुभवों, साहित्यिक विरासत और कला के सामाजिक प्रभाव पर चर्चा होगी। रविवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म निर्देशक एवं संगीतकार विशाल भारद्वाज और गायिका रेखा भारद्वाज ने महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी।

एआर रहमान और इम्तियाज अली का विशेष संवाद होगा आकर्षण

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण संगीतकार एआर रहमान और फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली के बीच होने वाला विशेष संवाद होगा। इसमें सिनेमा, संगीत और कहानी कहने की कला के आपसी संबंधों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा विशाल भारद्वाज की चर्चित फिल्म ‘ओमकारा’ के 20 वर्ष और फिल्म ‘पार्च्ड’ के 10 वर्ष पूरे होने पर विशेष सत्र आयोजित होंगे।

रस्किन बॉन्ड की पुस्तक का विशेष संस्करण होगा जारी

प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के पहले उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने पर इसका विशेष चित्रांकित संस्करण जारी किया जाएगा। वहीं वरिष्ठ लेखिका ममता कालिया को ‘शिवानी-आयरन लेडी ऑफ द हिल्स’ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के लिए पीपल बाबा को ‘गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज’ सम्मान प्रदान किया जाएगा।

पहाड़ी अस्पतालों की मदद के लिए होगी संगीत प्रस्तुति

महोत्सव में ‘दुआ-देहरादून यूनाइटेड आर्टिस्ट्स’ नाम से नई पहल शुरू की जाएगी। इसके तहत उत्तराखंड के ग्रामीण और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों की सहायता के लिए धन जुटाया जाएगा। इसकी पहली संगीत प्रस्तुति 29 नवंबर को होगी, जिसमें विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इसके अलावा नाट्य प्रस्तुतियां, संगीत संध्याएं, पुस्तक विमोचन, कविता और साहित्यिक चर्चाएं भी आयोजित होंगी। महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इच्छुक लोग इसकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।

Popular Articles