देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार देर रात तेज बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली में पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर बह गई। कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। हादसे में युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती घायल अवस्था में मिली।
घटना की सूचना मिलते ही डाकपत्थर से एसडीआरएफ की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। रात के अंधेरे और तेज बहाव के बावजूद जवानों ने तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लगातार खराब मौसम के बीच टीम ने रातभर अभियान चलाया।
सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिली। एसडीआरएफ के जवानों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक कार्रवाई के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। युवती की हालत के संबंध में विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
कार में जयपुर, राजस्थान निवासी अक्षय (20), पुत्र मुकेश भी सवार था। एसडीआरएफ टीम ने काफी मशक्कत के बाद अक्षय और एक अन्य युवती के शव बरामद किए। दोनों शव पुलिस को सौंप दिए गए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
देहरादून और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण बरसाती नालों और जलधाराओं का बहाव तेज हो गया है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस ने लोगों से नदी-नालों तथा तेज पानी वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के बीच भूस्खलन और अचानक बढ़ने वाले बरसाती बहाव का खतरा भी बना हुआ है।
एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बनाए हुए हैं और आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैयार हैं।





