देहरादून। द हेरिटेज स्कूल नार्थ कैंपस, सहस्रधारा रोड की कक्षा आठ की छात्रा मीरा चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर नई उपलब्धि हासिल की है। मीरा ने सिंगापुर में आयोजित एशिया अंडर-12 अंतरराष्ट्रीय टेनिस प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उनके प्रदर्शन और टीम के दमदार खेल की बदौलत भारत ने प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने कजाकिस्तान में होने वाली एटीएफ अंडर-12 अंतरमहाद्वीपीय टेनिस प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया।
प्रतियोगिता के दौरान मीरा ने कोर्ट पर आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया। लगातार अभ्यास और साथी खिलाड़ियों के साथ बेहतर तालमेल ने टीम के प्रदर्शन को मजबूती दी। स्कूल की प्रधानाचार्या दीपाली सिंह ने बताया कि नार्थ जोन से इस स्तर तक पहुंचने वाली मीरा पहली खिलाड़ी हैं।
स्कूल के खेल विभाग के आयुष मित्तल के अनुसार, मीरा बचपन से ही टेनिस के प्रति समर्पित रही हैं। नियमित अभ्यास और खेल के प्रति उनकी निरंतर लगन ने उन्हें कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
मीरा की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, प्रधानाचार्या और शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी है। अब कजाकिस्तान में होने वाली अंतरमहाद्वीपीय प्रतियोगिता में मीरा भारतीय टीम का हिस्सा बनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।





